हरिद्वार

758वें सालाना उर्स मेले की तैयारियां तेज, व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पिरान कलियर में आयोजित होने वाले 758वें सालाना उर्स/मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की और मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष 758वें सालाना उर्स का आयोजन 13/14 अगस्त से 3/4 सितंबर 2026 तक होगा। चांद दिखाई देने के बाद मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का शुभारंभ होगा, जबकि मुख्य धार्मिक आयोजन 24-25 अगस्त से 28-29 अगस्त तक संपन्न होंगे। अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उर्स शुरू होने से पहले मेला क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण पूरी तरह हटाया जाए और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले जायरीन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा में अपने-अपने कार्य पूरे करें। बैठक में अस्थायी कार्यालयों एवं पुलिस चौकियों की स्थापना, जर्मन हैंगर, बैरिकेडिंग, अस्थायी दुकानों, विद्युत आपूर्ति, मोबाइल शौचालय, पार्किंग, सफाई, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की ई-निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग ने भीड़ नियंत्रण, अस्थायी पुलिस चौकियों, जल पुलिस और मोटर बोट की तैनाती की जानकारी दी। वहीं रेलवे और परिवहन विभाग ने अतिरिक्त ट्रेनों, शटल बसों और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की। नगर पंचायत पिरान कलियर द्वारा साफ-सफाई, जल संस्थान द्वारा पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों, एम्बुलेंस और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की योजना भी प्रस्तुत की गई। अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को नियमित समन्वय के साथ कार्य कर उर्स मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ ने विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने पर जोर दिया। वहीं पिरान कलियर के विधायक फुरकान अहमद ने भी सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य कर उर्स मेले की तैयारियां समय पर पूर्ण करने का आह्वान किया। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, आरटीओ प्रवर्तन कृष्ण चंद्र पलारिया, उप नगर आयुक्त रुड़की अमरजीत कौर, तहसीलदार विकास अवस्थी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button