विकास के दावों के बीच बदहाल गांव का मुख्य रास्ता, तालाब में तब्दील सड़क से ग्रामीण परेशान
ब्रह्मपुर शंकरपुरी गांव में स्थानीय विधायक के खिलाफ ग्रामीणों में चर्चा—आखिर कौन सुनेगा हमारा दर्द

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। ब्लॉक रुड़की एवं कलियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ब्रह्मपुर शंकरपुरी गांव में इन दिनों ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं की बदहाली से परेशान हैं। गांव में प्रवेश करने वाला मुख्य रास्ता बारिश के पानी के जलभराव के चलते तालाब में तब्दील हो गया है। सड़क पर पानी भरा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि मुख्य मार्ग पर जमा पानी कई घरों के मुख्य द्वार तक पहुंच गया है। ग्रामीणों को घर से बाहर निकलने और रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में मुश्किलें उठानी पड़ रही हैं। जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास के दावे तो लगातार किए जाते हैं, लेकिन गांव की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। लंबे समय से रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गांव में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को लेकर भी ग्रामीणों के बीच चर्चाएं तेज हैं। ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब गांव की मुख्य सड़क ही जलभराव की समस्या से जूझ रही है, तो उनकी समस्याओं की सुध आखिर कौन लेगा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मौके का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए तथा गांव के मुख्य रास्ते को दुरुस्त कराकर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अब देखना यह है कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और प्रशासन ग्रामीणों की इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक समाधान करते हैं।









