नाबालिग का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बालिका सकुशल बरामद
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एसआई शाहिदा परवीन की अगुवाई में टीम ने तत्परता से सुलझाया मामला
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बीती 14 अक्टूबर को क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि फुरकान नाम का व्यक्ति उनकी नाबालिग पुत्री का अपहरण कर ले गया है। शिकायत मिलते ही पथरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने थानाध्यक्ष पथरी को बालिका की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी फुरकान को पकड़ लिया। पुलिस ने अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई। टीम में शामिल महिला एसआई शाहिदा परवीन की भूमिका सराहनीय रही। उनके साथ कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी और कांस्टेबल मनीष कुमार ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नाबालिगों से जुड़े गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जा रही है।









