पिरान कलियर

ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग के अपहरण का खुलासा

17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर 29 वर्षीय आरोपी को किया गिरफ्तार

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर जिला बाल कल्याण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे संरक्षण में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोरी को विवाह करने का झांसा देकर अपने साथ ले गया था।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली पिरान कलियर क्षेत्र की निवासी एक महिला ने अपनी 17 वर्षीय बेटी के अपहरण के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रुपिन पुत्र चंद्रसिंह, निवासी ग्राम आमखेड़ी, थाना मंगलौर, जिला सहारनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने किशोरी की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपी के मोबाइल फोन की लोकेशन और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से उसकी तलाश तेज की गई।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने खेलड़ी तिराहे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह किशोरी को विवाह करने के बहाने बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान अन्य धाराओं की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

पूरी कार्रवाई में कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक महिपाल सैनी, कांस्टेबल प्रदीप सिंह और महिला पीआरडी ममता सैनी शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर किशोरी की सकुशल बरामदगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।

Related Articles

Back to top button