हरिद्वार

80 लाख की साइबर ठगी का बड़ा खुलासा छह बैंक खातों से खेला जा रहा था ठगी का खेल

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में मंगलौर पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों में 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी लोगों को लॉटरी लगने और इनाम मिलने का झांसा देकर ठगी करता था। ठगी की रकम एटीएम से निकालकर दूसरे लाभार्थी खातों में ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर जांच के दौरान एक बैंक खाते का खुलासा हुआ, जिसके खिलाफ देश के अलग अलग राज्यों में 20 से अधिक साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। मामले में मंगलौर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गोपालपुर निवासी आकाश कुमार का नाम सामने आया। पुलिस ने जब उसके बैंक खातों की पड़ताल की तो छह खातों के जरिए गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब समेत कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिलीं। इन खातों में 80 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी के नेटवर्क और अन्य खातों की जांच में जुटी है। बता दे एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलौर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर ठगी के नेटवर्क का पता लगाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button