ढोल नगाड़ों के साथ पुलिस ने आदतन अपराधी को किया जिला बदर
एक महीने तक हरिद्वार में नो एंट्री मुनादी कराकर मुजफ्फरनगर की सीमा में छोड़ा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। जिले में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। बता दे हरिद्वार की लक्सर पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आकाश उर्फ भोला को एक माह के लिए जिला बदर कर दिया। पुलिस ने ढोल नगाड़े बजाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई और उसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की सीमा में छोड़ दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिलाधिकारी के आदेश का पालन करते हुए पुलिस ने यह कार्रवाई की। जिला बदर किया गया आकाश उर्फ भोला मूल रूप से दाबकी कला, कोतवाली लक्सर का निवासी है और वर्तमान में वार्ड नंबर एक लक्सर में रह रहा था। पुलिस टीम ने ढोल बजाकर मुनादी कराई और उसे हरिद्वार जिले की सीमा से बाहर रवाना किया। पुलिस ने आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी कि जिला बदर की एक माह की अवधि में वह किसी भी सूरत में हरिद्वार जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक जिला बदर किए गए आकाश उर्फ भोला के खिलाफ लक्सर कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इनमें 2023 के दो और 2024 का एक मुकदमा शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के लिए सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसआई समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मनोज मलिक, अरविंद रावत और कांस्टेबल नवीन चंद शामिल रहे।









