ज्वालापुर में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही, दिन के उजाले में जलती मिलीं छह स्ट्रीट लाइटें
आखिर जिम्मेदारों पर करेगा कौन कार्रवाई, बिजली चोरी रोकने के लिए सख्ती, लेकिन अपनी ही व्यवस्था की बर्बादी पर विभाग मौन

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला ज्वालापुर मंडी के कुएं के पास सामने आया है, जहां दिन के उजाले में अलग-अलग जगह एक साथ छह स्ट्रीट लाइटें जलती हुई दिखाई दीं है। स्थानीय स्तर पर बिजली की इस तरह खुलेआम बर्बादी को लेकर विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। एक ओर विद्युत विभाग बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाकर झुंड में जांच करने निकलता है। मीटरों की जांच की जाती है और चोरी पकड़े जाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ जुर्माना एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाती है। यहां तक कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए कई स्थानों पर खंभों पर मीटर तक ट्रांसफर कर दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर विभाग की अपनी व्यवस्था में दिन के उजाले में बिजली की बर्बादी होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। सवाल यह है कि जब आम उपभोक्ता से बिजली की एक-एक यूनिट का हिसाब मांगा जाता है, तो दिनभर जलती रहने वाली स्ट्रीट लाइटों की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। क्या क्षेत्रीय विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है यदि जानकारी है तो अब तक इन्हें बंद कराने के लिए प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ज्वालापुर के विभिन्न मोहल्लों, गलियों और मुख्य मार्गो पर दिन के समय जांच कराई जाए तो बड़ी संख्या में खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटें जलती हुई मिल सकती हैं। और यह सिलसिला लगातार प्रतिदिन का है। इससे सरकारी बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है और राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। अब आवश्यकता है कि विद्युत विभाग के उच्चधिकारी इस मामले का तत्काल संज्ञान लें और ज्वालापुर क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाने के सख्त आदेश जारी करें। दिन के उजाले में जलती स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बंद कराया जाए तथा जिन क्षेत्रीय विद्युत अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी के बावजूद ऐसी लापरवाही सामने आ रही है, उनकी जवाबदेही तय कर विभागीय जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शासन-प्रशासन को भी इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए। बिजली चोरी करने वालों पर कार्रवाई करने वाला विभाग अपनी ही व्यवस्था में हो रही बिजली की बर्बादी को रोकने में नाकाम क्यों दिखाई दे रहा है। आखिर विभागीय लापरवाही पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई कौन करेगा। बिजली की बर्बादी रोकना जितना आम नागरिकों का कर्तव्य है, उतनी ही जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की भी है।









