एडीएम वैभव गुप्ता बोले, जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
लसीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को भी प्राथमिकता से निपटाएं
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 45 शिकायतें एवं समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, अतिक्रमण, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, पुलिस तथा सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। फरियादियों ने अवैध कब्जे हटाने, भूमि की पैमाइश, बिजली लाइन हटाने, चकरोड से अतिक्रमण हटाने, जल निकासी व्यवस्था सुधारने और सड़क मरम्मत जैसी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां विभागीय समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा में बताया गया कि एल-1 स्तर पर 504 तथा एल-2 स्तर पर 132 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया। बैठक में परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान, पर्यटन, खाद्य, मत्स्य, उद्यान, खनन, स्वजल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनपद के फरियादी उपस्थित रहे।









