हरिद्वार

मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी मानसून को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की आपदा अथवा जलभराव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग अभी से पूरी तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा पीएमजीएसवाई को अपने-अपने क्षेत्रों में नालों, नालियों और कलमठों की समुचित सफाई समय रहते कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी जर्जर विद्यालय भवनों का तत्काल चिन्हांकन कराया जाए। ऐसे भवनों में किसी भी स्थिति में पठन-पाठन संचालित न किया जाए तथा इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट अग्रिम रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए गए। वहीं सिंचाई विभाग को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा एवं बचाव संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा गया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को मानसून अवधि के दौरान पूर्ण सतर्कता, सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना या आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, उपनगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ओमजी गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button