चारधाम समेत आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित खुद उतरे मैदान में, अतिक्रमण पर किया जोर
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। जहां इस समय उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है, तो वही दूसरी और आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर दिखाई दे रहा है। जी हां हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुरुवार को खुद मैदान में उतरकर टीम के साथ हरकी पैड़ी व भीमगोडा तक स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें अतिक्रमण पर सख्त संज्ञान लेते हुए फुटपाथ और नालियों को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया है।
चारधाम यात्रा में पहुंच रहे अलग-अलग राज्यों से बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभागीय अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ स्थानों पर फुटपाथ एवं नालियों के ऊपर दुकानें संचालित की जा रही थीं, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस पर उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ी दुकानों को पीछे हटवाया तथा सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी दुकान फुटपाथ या नाली के ऊपर संचालित न हो।
वहीं इस बाबत पर हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि चार धाम यात्रा एवं कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर तहसीलदार सचिन कुमार एवं हरकी पौड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी भी उपस्थित रहे।









