हरिद्वार

हिमालयन एमएसएमई एक्सपो में कृषि उत्पादों ने खींचा ध्यान, छात्रों ने भी दिखाया उत्साह

रोजगार सृजन में एमएसएमई की महत्वपूर्ण भूमिका: आदेश चौहान

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। प्रेमनगर आश्रम में आयोजित चार दिवसीय हिमालयन एमएसएमई एक्सपो के दूसरे दिन शनिवार को छात्रों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने भी एक्सपो में जाकर स्टालों का अवलोकन किया और कृषि और बागवानी से जुड़े उत्पादों की जानकारी ली। इसके साथ ही विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे छात्र छात्राओं ने एक्सपो में लगे स्टॉलों का भ्रमण कर कृषि, हॉर्टिकल्चर, ऑर्गेनिक उत्पादों, स्टार्टअप और एमएसएमई से जुड़ी जानकारी हासिल की। तेलंगाना के फल-फूल और सिक्किम के ऑर्गेनिक उत्पादों से तैयार शरबत समेत विभिन्न राज्यों के उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। वाइब्रेंट उत्तराखंड के तत्वावधान में भारती मीडिया एंड इवेंट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित एक्सपो में 100 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के विभिन्न राज्यों के कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विभागों और कंपनियों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। दूसरे दिन छात्रों ने विशेष रूप से ऑर्गेनिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीक और कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं को लेकर जानकारी ली। इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस तरह के आयोजन स्थानीय उत्पादों, कारीगरों, किसानों और छोटे उद्यमियों को बड़ा मंच उपलब्ध कराने का काम करते हैं। एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन के साथ देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। आयोजक भारत बालियान ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। छोटे उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय संसाधनों और उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। हिमालयन एमएसएमई एक्सपो का उद्देश्य भी देश के अलग-अलग हिस्सों के उद्यमियों, किसानों, उत्पादकों और खरीदारों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सूक्ष्म और लघु उद्योगों की ओर आकर्षित कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button