कांवड़ पटरी रोड पर फिर खूनी हादसा, 3 की मौत-6 घायल
एक माह पहले भी इसी मार्ग पर गई थी चार लोगों की जान, सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। कांवड़ पटरी रोड शुक्रवार रात एक बार फिर भीषण सड़क हादसे की गवाह बन गई। करीब साढ़े दस बजे चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। देर रात तक मृतकों और घायलों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ परिजनों से संपर्क करने में जुटी रही।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चारों बाइक किस परिस्थिति में आमने-सामने टकराईं। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, लापरवाही या कोई अन्य कारण रहा, इसकी भी जांच की जा रही है।
कांवड़ पटरी रोड पर लगातार हो रहे हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब एक माह पहले भी इसी मार्ग पर बाइकों की भीषण भिड़ंत हुई थी, जिसमें चार लोगों की जान चली गई थी। अब एक बार फिर इसी सड़क पर तीन लोगों की मौत ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की चिंता बढ़ा दी है।
कांवड़ पटरी रोड पर बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में रात के समय वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण, पर्याप्त निगरानी, यातायात व्यवस्था और संभावित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
लगातार सामने आ रही दुर्घटनाओं से यह सवाल भी उठ रहा है कि हादसे के बाद कार्रवाई से आगे बढ़कर हादसों को रोकने के लिए स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था कब की जाएगी?
फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। घायलों का उपचार जारी है और मृतकों एवं घायलों की पहचान के बाद दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।









