ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस का बड़ा एक्शन, फायरिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार
होटल में खाने-पीने को लेकर हुआ था विवाद, रंजिश में होटल स्वामी को सबक सिखाने की बनाई थी योजना

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पिरान कलियर थाना पुलिस ने रात्रि में तमंचे से फायरिंग करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर का देशी तमंचा भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात ग्राम बेड़पुर निवासी सुहेब ने तहरीर देकर बताया था कि त्यागी ढाबा, बेड़पुर चौक के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर देशी तमंचे से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना पिरान कलियर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों की CCTV फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी-पतारसी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटना में विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 सितंबर 2026 को खादर वाली रोड, ट्यूबवैल के पास गुम्मावाला से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि होटल में खाने-पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी की होटल स्वामी से रंजिश हो गई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत फायरिंग की घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपी विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार, निवासी ग्राम गुम्मावाला, थाना पिरान कलियर उम्र 22 वर्ष की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य सह-अभियुक्तों की तलाश में जुटी है।
कार्यवाही पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, उप निरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल संजय रावत, हेड कांस्टेबल बबलू कुमार ओर कांस्टेबल मौ0 आबिद शामिल रहे।









