हरिद्वार में संत समागम में एक राष्ट्र एक चुनाव पर मंथन
शिवराज सिंह चौहान और सीएम धामी ने संत समाज से किया जनजागरण का आह्वान
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। रविवार को हरिद्वार के प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में, एक राष्ट्र एक चुनाव, को लेकर व्यापक संवाद हुआ। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे देश की जरूरत बताते हुए संत समाज से इस विषय पर जनजागरण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे और उन्होंने एक राष्ट्र-एक चुनाव को राष्ट्रहित, सुशासन और निरंतर विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बार बार होने वाले चुनाव देश के विकास की गति को प्रभावित करते हैं। चुनावों के दौरान प्रशासनिक मशीनरी, शिक्षक, पुलिस और सुरक्षा बल चुनावी दायित्वों में जुट जाते हैं, जिससे विकास और जनसेवा के कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने से समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की बचत होगी तथा सरकारों और प्रशासन को विकास कार्यों पर अधिक ध्यान देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा विषय है। देश पहले है और राजनीतिक दल बाद में। उन्होंने संत समाज से आग्रह किया कि वे अपने प्रवचनों और सामाजिक प्रभाव के माध्यम से इस विषय पर जनता को जागरूक करें। उनके अनुसार संतों का मार्गदर्शन इस राष्ट्रीय विमर्श को व्यापक जनसमर्थन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक राष्ट्र एक चुनाव के विचार को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देश को निरंतर विकास की गति देने के लिए चुनावी प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाना आवश्यक है।
वंदे मातरम् को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया
केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में वंदे मातरम् के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने इसे देशभक्ति, मातृभूमि के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया तथा संत समाज से इसके पूर्ण स्वरूप के प्रति जनजागरण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है तथा भारत को किसी भी प्रकार के विभाजन से बचाना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में बोले सीएम धामी चुनाव लोकतंत्र का पर्व, लेकिन विकास की गति भी जरूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव, राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन, जनकल्याण और सार्वजनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़ा राष्ट्रीय विषय है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और चुनाव लोकतंत्र का पर्व हैं, लेकिन लगातार चलने वाली चुनावी प्रक्रिया का प्रभाव शासन और विकास कार्यों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि बार बार चुनाव होने के दौरान आचार संहिता लागू होती है और बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, पुलिस तथा सुरक्षा बल चुनावी जिम्मेदारियों में लगाए जाते हैं। यदि एक साथ चुनाव कराने से सार्वजनिक धन और संसाधनों की बचत होती है तथा प्रशासन को विकास और जनसेवा के लिए अधिक समय मिलता है, तो यह लोकतंत्र को और अधिक प्रभावी तथा सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक राष्ट्र एक चुनाव को राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनाकर महत्वपूर्ण पहल की है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए विकास की निरंतर गति आवश्यक है। सरकार का अधिकतम समय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लगना चाहिए। सीएम धामी ने संत महात्माओं से इस विषय पर समाज का मार्गदर्शन करने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत की सनातन परंपरा में संत समाज ने हमेशा राष्ट्र और समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि लोकतंत्र मजबूत हो, विकास निरंतर हो, संस्कृति सुरक्षित रहे और राष्ट्र सर्वोपरि रहे।
संत समाज और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संचालन महामंडलेश्वर हरिचेतनानंद महाराज ने किया। इस अवसर पर डॉ. हरिहरानंद महाराज, महंत मंगलदास गोपालदास महाराज, जसविंदर दास महाराज, योगी ऋषि आशुतोष महाराज, स्वामी रामदेव महाराज, श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज, स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज, श्रीमहंत हरिगिरि महाराज, साध्वी प्राची, महंत दाती महाराज, प्रमोद कृष्णम महाराज, महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश, महामंडलेश्वर ज्ञानदास महामंडलेश्वर ललितानंद, स्वामी यतीश्वरानंद महाराज, महंत दुर्गादास सहित विभिन्न अखाड़ों के संत महात्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, मेयर नगर निगम किरण जैसल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश संयोजक आदित्य चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री नितिन गौतम, राज्य मंत्री आदेश सैनी, उज्ज्वल पंडित, लव शर्मा, आशु चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।









