श्रवणनाथ घाट स्थित घर में घुसकर बुजुर्ग से मारपीट का आरोप, पांच नामजद समेत सात पर मुकदमा
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के श्रवणनाथ घाट क्षेत्र में दिनदहाड़े दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। धारदार हथियारों से लैस सात आरोपियों ने 78 वर्षीय हृदय रोगी बुजुर्ग और उनकी बहू पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बहू को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार घटना बीती 24 नवंबर की दोपहर आनंद भवन स्थित मकान की है। दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने पांच नामजद तन्मय शर्मा, तनिष्क शर्मा, आयुष पाराशर, केशव शर्मा, भैरव समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वही घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ उपचार भी कराया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।









