हरिद्वार

कांग्रेस एससी विभाग ने सामाजिक एकता के रूप में मनाया संविधान दिवस

संविधान ही देश की आत्मा है: अनुपमा रावत

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग द्वारा ग्राम मिसरपुर में संविधान दिवस सामाजिक एकता के रूप में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत एवं एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर किया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि बाबा साहेब डा.भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान देश की आत्मा है। संविधान में सभी जाति, धर्म, वर्ग और लिंग के प्रत्येक नागरिक को बराबर का अधिकार दिया गया है। आज का दिन हमें संविधान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि संविधान ने ही हमें बोलने की आजादी, शिक्षा का अधिकार, वोट का अधिकार और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है। आज कुछ ताकतें संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी और हम सभी कार्यकर्ता संविधान की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक लड़ेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं का शामिल होना दर्शाता है कि नई पीढ़ी संविधान के प्रति जागरूक है। सबको मिलकर सामाजिक एकता को मजबूत करना है, जात-पात के भेदभाव को मिटाना है और बाबा साहब के सपनों का भारत बनाना है। कांग्रेस एससी विभाग के जिलाध्यक्ष तीर्थपाल रवि ने कहा संविधान ने देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। संविधान हमें यह सिखाता है कि कोई छोटा-बड़ा नहीं, सब बराबर हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। संविधान दिवस को सामाजिक एकता दिवस के रूप में मनाने का हमारा उद्देश्य यही है कि समाज में भाईचारा बढ़े, ऊंच-नीच की दीवारें टूटें और हर व्यक्ति को सम्मान मिले। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि संविधान को पढ़ें, समझें और उसके बताए मार्ग पर चलें। संविधान को मजबूत रखेंगे, तो हमारा लोकतंत्र मजबूत रहेगा और देश तरक्की करेगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा से संविधान की रक्षक रही है और आगे भी रहेगी। इस दौरान नीलम, वीपीएस तेजयान, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, कार्तिक कुमार, विजेंद्र कुमार, अक्षय नागपाल, नागसिंह कश्यप समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button