हरिद्वार

सीडीओ ने NH-734 स्थित वे-साइड अमेनिटीज, जसपुर का किया निरीक्षण

गगन शर्मा सह सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। उधमसिंह नगर के मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी (आई.ए.एस) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-734 (एन.एच-734) पर विकासखंड जसपुर के अंतर्गत ग्राम जगतपुर पट्टी में स्थित वे-साइड अमेनिटीज का भौतिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने परिसर में संचालित गतिविधियों का जायजा लेते हुए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कार्यों, प्रशिक्षण एवं आजीविका संवर्धन के प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की महिलाओं से संवाद किया तथा वे-साइड अमेनिटीज में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण के माध्यम से अर्जित किए जा रहे कौशल, परिसर में उपलब्ध सुविधाओं तथा गतिविधियों के संचालन के बारे में चर्चा की। साथ ही, उन्होंने वे-साइड अमेनिटीज के सुव्यवस्थित संचालन, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए भोजन का स्वाद भी चखा और उसकी सराहना की। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर बेहतर आजीविका के अवसर विकसित करने तथा सामूहिक रूप से कार्य करते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित किया। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत संचालित इस प्रकार की पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना, उनके कौशल विकास को बढ़ावा देना तथा स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को सुदृढ़ करना है। एन.एच-734 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित वे-साइड अमेनिटीज के माध्यम से यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं की भागीदारी और आजीविका को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक, डीआरडीए हिमांशु जोशी, सहायक परियोजना निदेशक रमा गोस्वामी, खंड विकास अधिकारी के.के. कांडपाल, ग्रामोत्थान परियोजना के सहायक प्रबंधक (एम&ई), विकासखंड जसपुर के बीएमएम, ब्लॉक एमएंडई, सीएलएफ के पदाधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button