हरिद्वार

खटीमा में सीएम धामी ने थारू समाज से किया संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित जनजाति संवाद कार्यक्रम में थारू समाज के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनजातीय समाज के विकास, अधिकारों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। खटीमा स्थित एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में थारू समाज के प्रतिनिधियों ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है और समाज के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण के मुद्दे पर भी सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण के मामलों को सरकार गंभीरता से ले रही है। यदि आवश्यकता हुई तो ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए कानून को और अधिक प्रभावी और सख्त बनाने पर भी विचार किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में थारू समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया और अपनी विभिन्न मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधियों को विश्वास दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button