हरिद्वार

कुंभ के लिए सजने लगी है धर्मनगरी

शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए दीवारों पर बनाए जा रहे धार्मिक चित्र

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। अगले वर्ष एक जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले को भव्यता के साथ संपन्न कराने के लिए शहर को सजाने संवारने के लिए हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की फसाड योजना के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर दीवारों को धार्मिक चित्रों से सजाया जा रहा है। इससे शहर की सुंदरता तो बढ़ेगी ही साथ ही हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी। फसाड योजना के तहत भवनों और दीवारों के बाहरी हिस्सों को सुंदर बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है। कुंभ की तैयारियों के बीच धार्मिक चित्रकारी शहर के सौंदर्यीकरण को नया रूप दे रही है। इससे प्रमुख मार्ग अधिक आकर्षक नजर आएंगे। दीवारों पर बनायी जा रही आकर्षक धार्मिक पेंटिंग में कुंभ नगरी हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को दर्शाने का प्रयास किया जा रहा है। कुंभ मेले के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को शहर में प्रवेश करते ही धार्मिक वातावरण का अनुभव होगा। जिससे हरिद्वार की धार्मिक पहचान को मजबूती मिलेगी। दीवारों को चित्रों से सजाने के साथ सड़कों के किनारे स्थित भवनों, दुकानों, कार्यालयों के बाहरी हिस्से को पीले और दुकानों के शटर को लाल रंग से पेंट किया जा रहा है। दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों के साईनबोर्ड भी एक रंग के लगाए जा रहे हैं। जिससे शहर की भव्यता के साथ एकरूपता भी नजर आएगी।

Related Articles

Back to top button