हरिद्वार

उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी की कार्यकारिणी बैठक आयोजित

उत्तराखंड की दशा और दिशा बदलने के लिए प्रतिबद्ध है पार्टी: प्रभात ध्यानी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) की नवनिर्वाचित केंद्रीय कार्यकारिणी की पहली बैठक का आयोजन भूपतवाला स्थित गुलजारी लाल धर्मशाला में किया गया। बैठक में 2027 के विधानसभा चुनावों में सक्रिय भागीदारी करने और प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने का एक माध्यम है। पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, राजनीतिक भागीदारी और व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तराखंड की दशा और दिशा बदलने के लिए प्रतिबद्ध है और 2027 के चुनावों में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। केंद्रीय उपाध्यक्ष जेपी बड़ोनी ने कहा कि उत्तराखंड में व्यवस्था परिवर्तन के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा। जेपी बड़ोनी ने कहा कि वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली से स्थानीय जनमानस में निराशा का भाव है। जनता परिवर्तन चाहती है और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी बदलाव की वाहक बनेगी। संयोजक पीसी तिवारी ने कहा कि पार्टी जनहित और समाज सेवा के कार्यों के माध्यम से आम जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए प्रदेश के युवाओं, बुजुर्गो और महिलाओं ने जिन उम्मीदों के साथ संघर्ष किया था। राज्य गठन के 25 वर्ष के बाद भी वे उम्मीदें पूरी नहीं हुई। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता का संघर्ष आज भी जारी है। युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर हैं। पीसी तिवारी ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन से ही जनता की उम्मीदों को पूरा किया जा सकता है। कार्यकर्ता एकजुट होकर सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत कराएं। इस अवसर पर नारायण राम, राजकुमार शर्मा, अमीर्नुरहमान, राजकुमार त्यागी, ज्ञानवीर त्यागी, प्रकाश नेगी, सतपाल, किरण, हीरा देवी, प्रकाशचंद्र, जगदीश, दिनेश उपाध्याय, भारती पांडे, ममता जोशी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button