हरिद्वार

शिवालिक नगर-बीएचईएल में सफाई और व्यवस्थाओं पर डीएम का सख्त एक्शन

हाईटेक शौचालय से लेकर प्लास्टिक पर चालान तक, डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। शिवालिक नगर, बीएचईएल और सिडकुल क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को संबंधित विभागों की अहम बैठक ली और अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। डीएम ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने और जनसुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में एटीएम चौक-खोखा मार्केट के पास हाईटेक शौचालय निर्माण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पार्किंग स्थल चिन्हित करने और पीठ बाजार में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए। डीएम ने साफ कहा कि प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ चालान कर सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अतिक्रमण हटाने के संयुक्त अभियान, संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे, पार्कों के सौंदर्यीकरण, शहीद चौक के पुनर्स्थापन, जर्जर बिजली पोल हटाने और बिल्डरों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए भी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम कर शिवालिक नगर-बीएचईएल क्षेत्र को साफ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आरके सिंह, ईडी बीएचईएल रंजन कुमार, महाप्रबन्धन बीएचईएल संतोष कुमार गुप्ता, प्रबन्धक संपदा बीएचईएल मंगल सिंह मुंडा, बीएचईएल प्रबन्धक सिविल अखिलेश कुमार, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उपजिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, आरएम सिडकुल कमल किशोर, सीओ सदर एसपी बलूनी, ईओ शिवालिक नगर पालिका तारिक़ खान, उप मुख्य नगर आधिकारी दीपक गोस्वामी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button