हरिद्वार

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बुजुर्गों के सम्मान और कल्याण का संदेश, 14 सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि सम्मानित

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर विकासखंड बहादराबाद के खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वृद्धजनों के सम्मान, उनके योगदान की सराहना तथा उनके साथ होने वाली उपेक्षा, दुर्व्यवहार एवं भेदभाव की रोकथाम के प्रति समाज को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि भारतीय समाज में वृद्धजनों को ज्ञान, अनुभव और परंपराओं का संरक्षक माना जाता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से बुजुर्गों का सम्मान करने, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनने और दैनिक जीवन में आवश्यक सहयोग देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वृद्धजनों से जुड़े करीब 18 सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। सामाजिक क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। वहीं, राजकीय सुरेन्द्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय, मक्खनपुर भगवानपुर के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग भर दिया। विकासखंड परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में वृद्धजनों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री आदेश सैनी, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की प्रथम अध्यक्ष संतोष चौहान, ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद आशा नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध कुमार शर्मा, खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button