ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के लिए तय होगी पिक-अप एवं ड्रॉप व्यवस्था, यूनियन पदाधिकारियों के साथ 29 सितंबर को होगी बैठक
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरिद्वार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में लगातार बढ़ती यातायात समस्या को व्यवस्थित करने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को प्रशासन, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य स्टेशन क्षेत्र में ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा के अनियंत्रित ठहराव तथा यात्रियों की पिक-अप और ड्रॉप व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना है। संयुक्त निरीक्षण में नगर मजिस्ट्रेट हरगिरि, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा, क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी तथा यातायात निरीक्षक संदीप नेगी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्ग, परिसर के आसपास के क्षेत्रों तथा यात्रियों के आवागमन वाले प्रमुख स्थानों का जायजा लिया। इस दौरान देखा गया कि स्टेशन के सामने ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा के खड़े रहने से कई बार यातायात का दबाव बढ़ जाता है। यात्रियों को वाहन लेने और छोड़ने के दौरान भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरीक्षण के दौरान होल्डिंग एरिया विकसित करने की कार्ययोजना पर विशेष मंथन किया गया। प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार स्टेशन के पिक-अप क्षेत्र में आवश्यकता के अनुरूप सीमित संख्या में ही ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा को प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य वाहनों को निर्धारित होल्डिंग एरिया में व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया जाएगा। इस व्यवस्था से स्टेशन के मुख्य प्रवेश मार्ग पर वाहनों की अनावश्यक भीड़ को कम करने तथा यात्रियों के लिए आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही पिक-अप एवं ड्रॉप के लिए आने वाले वाहनों के संचालन को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार नियंत्रित किया जा सकेगा।
स्थलीय निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने तय किया कि प्रस्तावित व्यवस्था को व्यावहारिक बनाने के लिए 29 सितंबर को ऑटो-विक्रम यूनियन एवं ई-रिक्शा यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में यूनियन प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे तथा होल्डिंग एरिया, पिक-अप/ड्रॉप व्यवस्था और वाहनों के संचालन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी संबंधित पक्षों के समन्वय से ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे हरिद्वार रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यातायात का निर्बाध संचालन हो, यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिले और ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा का संचालन भी व्यवस्थित रूप से हो सके।









