हरिद्वार

एआरटीओ कार्यालय का परिवहन सचिव ने किया निरीक्षण, कार्यालय के आधुनिकीकरण और पारदर्शी कार्यप्रणाली पर दिया जोर

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखंड शासन के परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय, हरिद्वार का विस्तृत निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट, कराधान, फिटनेस, ग्रीन कार्ड सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाएं सीधे आम जनता से जुड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कार्यालय में अभिलेखों और फाइलों के रखरखाव का भी निरीक्षण किया तथा रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेख निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं।परिवहन सचिव ने कार्यालय भवन का निरीक्षण करते हुए इसके आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो। चारधाम यात्रा को देखते हुए उन्होंने ग्रीन कार्ड निर्गमन, वाहनों की फिटनेस जांच और परमिट संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा से जुड़ी सभी सेवाएं त्वरित, पारदर्शी और निर्बाध रूप से संचालित हों ताकि श्रद्धालुओं एवं वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में एआरटीओ हरिद्वार द्वारा अब तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने इसे टीम भावना, प्रभावी राजस्व प्रबंधन और कार्यकुशलता का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, नागरिक सुविधा काउंटरों तथा समग्र कार्य वातावरण का भी अवलोकन किया और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के माध्यम से विभागीय सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून संदीप सैनी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) रुड़की जितेन्द्र चन्द, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) रुड़की कृष्णा पलारिया सहित परिवहन विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button