हरिद्वार

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों में जुटी पुलिस, एसपी सिटी ने प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर ने नगर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक नगर ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा कांवड़ मार्गों पर लगातार पुलिस गश्त और प्रभावी पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी अधिकारी पूरी तरह तैयार रहें। बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने पर भी जोर दिया गया। एसपी सिटी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हरिद्वार पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। बैठक के दूसरे चरण में नगर क्षेत्र के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराधों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करने, मुख्यालय स्तर से संचालित विभिन्न अभियानों को प्रभावी ढंग से सफल बनाने, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी बेहतर पुलिसिंग के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें।

Related Articles

Back to top button