हरिद्वार

विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगार के लिए निरंतर प्रयासरत है महाविद्यालय: प्रो बत्रा

रवि चौहान हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। एसएमजेएन पी.जी कॉलेज में विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें उद्योग जगत से जोड़ने के उद्देश्य से आज कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल तथा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में विज्ञान संकाय तथा वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा महाविद्यालय के विद्यार्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता एवं कौशल के आधार पर चयन किया गया।

प्लेसमेंट ड्राइव के प्रथम चरण में प्रतिष्ठित एक्मस फार्मा लिमिटेड द्वारा महाविद्यालय के विज्ञान संकाय के बी.एससी. के विद्यार्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इस अवसर पर एक्मस फार्मा कंपनी से उपस्थित मोनू कुमार, सीनियर एग्जीक्यूटिव तथा मयंक शर्मा, एग्जीक्यूटिव द्वारा विद्यार्थियों का साक्षात्कार लिया गया तथा उनकी शैक्षणिक योग्यता, विषयगत ज्ञान, संचार कौशल एवं कार्यक्षमता का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया के उपरांत प्रतिमा अंगिरा, साक्षी, निधि, लक्ष्मी, दिव्यांशु गैरोला, दिव्यांशु नेगी तथा विकाश चौहान सहित कुल 7 विद्यार्थियों का नौकरी के लिए चयन किया गया। विज्ञान विभाग की ओर से इस कैंपस ड्राइव के सफल संचालन एवं समन्वय में श्री विनीत सक्सेना एवं डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

इसी क्रम में महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए प्रतिष्ठित आईएसआईएसआई बैंक के लिए भी प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की गई। इस अवसर पर एन आई आई टी की ओर से आये के प्रतिनिधि वैभव चौहान और नितिन चौहान ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, विषयगत समझ, बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र से संबंधित ज्ञान तथा व्यक्तित्व एवं संचार कौशल का मूल्यांकन करते हुए साक्षात्कार लिया। इस साक्षात्कार का परिणाम शीघ्र ही घोषित किया जाएगा। वाणिज्य विभाग की इस प्लेसमेंट प्रक्रिया का समन्वय श्रीमती रिचा मिनोचा एवं श्रीमती रिंकल गोयल द्वारा किया गया।

आज आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में 7 विद्यार्थियों का चयन होना महाविद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षमता को प्रदर्शित करता है। आज आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विषयगत ज्ञान को व्यावहारिक कार्यक्षेत्र से जुड़ने तथा प्रतिष्ठित संस्थानों में अपने कैरियर की शुरुआत करने का अवसर प्राप्त हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगारपरक कौशल से युक्त कर आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित होने वाले ऐसे प्लेसमेंट ड्राइव विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विज्ञान विभाग एवं वाणिज्य विभाग के समन्वयकों एवं सभी सहयोगी शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों के साथ मिलकर कैंपस प्लेसमेंट, कैरियर काउंसलिंग, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार एवं कैरियर निर्माण के व्यापक अवसर प्राप्त हो सकें।

Related Articles

Back to top button