लक्सर

सुल्तानपुर में पूर्व विधायक की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर रविंद्र सिंह आनंद का तीखा हमला

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। सुल्तानपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक संजय गुप्ता द्वारा पानी और वोट को लेकर कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने कड़ा आक्रोश जताते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं और जनता के सम्मान के खिलाफ बताया है। रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा को किसी व्यक्ति के वोट से जोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता को पानी, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं किसी के एहसान से नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार के तहत मिलती हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा होती है कि वे जनता की समस्याओं का समाधान करें, न कि मूलभूत सुविधाओं को राजनीतिक समर्थन से जोड़कर जनता को भयभीत या अपमानित करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट जनता की ताकत है, किसी नेता की जागीर नहीं। जनता को डराने धमकाने, दबाव बनाने या श्राप देने जैसी राजनीति का दौर अब समाप्त हो चुका है। लक्सर की जागरूक जनता ऐसे बयानों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। रविंद्र सिंह आनंद ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए कथित टिप्पणी की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले लोगों को अपनी भाषा और व्यवहार की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि उनके बयान का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button