साबिर फरीदी विकास समिति ने चलाया नशा मुक्ति अभियान, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। साबिर फरीदी विकास समिति, हरिद्वार द्वारा ग्राम कंकर खाता स्थित सिद्ध बाबा सीधोमणि मंदिर परिसर में नशे के विरुद्ध एक जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद रिज़वान ने की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे से बचने के उपाय बताए और इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। मोहम्मद रिज़वान ने कहा कि नशे की लत, चाहे वह शराब, धूम्रपान या मादक पदार्थों की हो, न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि उसके सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक जीवन को भी पूरी तरह प्रभावित कर देती है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण लीवर सिरोसिस, किडनी फेल होना, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और हार्ट अटैक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान और अन्य नशे फेफड़ों को गंभीर क्षति पहुंचाते हैं, जबकि पाचन तंत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिससे कुपोषण और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और समाज सेवा की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। गोष्ठी में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बाबा गोबर दास जी, शोभित, अरविंद, रोहित कुमार, मास्टर बीर सिंह, नखली राम, गुलाब सिंह, अशोक कुमार, अंकित, मेहरबान, जमील, दिलशाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समिति के सदस्य मौजूद रहे।









