वीडियो कॉल पर कहा—‘अब जान देने जा रहा हूं’… कुछ देर बाद पंखे से लटका मिला यूट्यूबर का शव, कलियर में सनसनी
जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर। पिरान कलियर के एक गेस्ट हाउस में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कमरे के अंदर 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। मौत से पहले हुई कथित वीडियो कॉल और उसमें जान देने की बात कहे जाने के घटनाक्रम ने मामले को और गंभीर बना दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर नाराजगी होने के बाद बुधवार रात करीब 11 बजे आतिफ कलियर पहुंचा और एक गेस्ट हाउस में कमरा लेकर ठहर गया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान आतिफ ने कथित तौर पर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से आतिफ के भाई को वीडियो कॉल के जरिए घटनाक्रम दिखाया। भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया। स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजन आनन-फानन में कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद लोकेशन के आधार पर पुलिस गेस्ट हाउस पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वीडियो कॉल से जुड़े घटनाक्रम समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।









