हरिद्वार

एसपी सिटी अभय सिंह ने विवेचकों की ली समीक्षा बैठक

मुकदमों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के दिए निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी सिटी अभय सिंह ने अपने कार्यालय में नगर क्षेत्र के सभी विवेचकों (आईओ) की समीक्षा बैठक (ओआर) ली। बैठक का उद्देश्य लंबित मुकदमों की प्रगति की समीक्षा कर विवेचनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना रहा। बैठक के दौरान एसपी सिटी ने प्रत्येक विवेचक से लंबित मुकदमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और यह भी जाना कि विवेचना के निस्तारण में किन कारणों से विलंब हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष, प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विवेचना का निष्कर्ष ठोस साक्ष्यों के साथ समय पर न्यायालय में प्रस्तुत हो सके और पीड़ित पक्ष को शीघ्र न्याय मिल सके। एसपी सिटी अभय सिंह ने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता ही न्याय प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विवेचकों को साक्ष्यों का वैज्ञानिक एवं विधिक तरीके से संकलन करने, अनावश्यक विलंब से बचने तथा प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ विवेचना की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी मामलों में निर्धारित समय सीमा का पालन करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Related Articles

Back to top button