
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। नशे के कारोबार पर कड़ा रूख अपनाते हुए एसएसपी नवनीत सिंह नशा तस्करी चेन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कोई भी नशा तस्कर और पैडलर गिरफ्तारी से बचने ना पाए। नशा तस्करी की पूरी चेन पर कार्रवाई की जाए और संबंधित सीओ इसकी साप्ताहिक समीक्षा करें। बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि चारधाम यात्रा धीरे धीरे चरम पर आ रही है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह करें। यात्रा मार्ग में गश्त और यातायात टीमें लगातार एक्टिव रहें, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। वीकेंड पर थाना और यातायात प्रभारी आपसी समन्वय से शहर से देहात तक यातायात व्यवस्था दुरुस्त करेंगे। ऑपरेशन प्रहार की सराहना करते हुए एसएसपी ने ऑपरेशन के तहत अच्छा कार्य करने पर सभी पुलिसकर्मियों की प्रशंसा की और भविष्य में भी शत प्रतिशत योगदान देने की अपेक्षा जताई। एसएसपी ने सीनियर सिटिजन की सुरक्षा के निर्देश देते हुए कहा कि थाना प्रभारी और हल्का प्रभारी क्षेत्र में रह रहे सीनियर सिटिजन के घर जाकर वार्तालाप करें और उन्हें जरूरी नंबर उपलब्ध कराएं। इसके अलावा समर सीजन में आगजनी की सूचना पर फायर यूनिट को तत्काल मौके पर पहुंचने, लापरवाही न हो। पिट एनडीपीएस एक्ट के अपराधियों की कुंडली खंगालकर उनके खिलाफ पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने, जघन्य अपराधों में सख्ती गिरफ्तारी, शिकायती पत्रों का शीघ्र निस्तारण और क्षेत्राधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा करने, मुख्यालय के पोर्टलों पर डाटा समयबद्ध अपलोड करने के निर्देश भी दिए। गोष्ठी में एसपी क्राइम व ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल समेत सभी अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।









