मंगलौर के गुड़ मंडी कार लूटकांड का फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने रोहतक में डाला था डेरा
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत मंगलौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुड़ मंडी मंगलौर में हुए सनसनीखेज कार लूटकांड और हादसे के मामले में पिछले एक महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने हरियाणा के रोहतक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। घटना बीती 14 मार्च की है, जब तीन बदमाशों ने नगला ऐमाद निवासी रोहित कुमार की कार लूट ली थी। फरार होते समय बदमाशों ने स्कूटी सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। मामले में कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अगले ही दिन मुख्य आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया गया था,जबकि दूसरा आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आरोपी आदित्य उर्फ बिल्लू निवासी सांघी, थाना सदर रोहतक हरियाणा पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए रोहतक में डेरा डाल रखा था। आखिरकार आज पुलिस टीम ने शातिर आरोपी को दबोच लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में,एसएसआई सुखपाल मान, कांस्टेबल सधीर कुमार कांस्टेबल आमिर आदि शामिल रहे।









