लक्ज़री बसों पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 चालान, 2 बसें सीज़, 4 की फिटनेस निरस्तीकरण की संस्तुति
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में लक्ज़री बसों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन एवं प्रवर्तन टीम ने लक्ज़री बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, कर अदायगी, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर उल्लंघनों के चलते 2 बसों को सीज़ कर दिया गया। वहीं तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई है। अभियान के दौरान काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई। परिवहन विभाग ने सुनिश्चित किया कि कोई भी बस वहां अवैध रूप से रुककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने या यातायात बाधित करने का कार्य न करे। सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही कराया गया। परिवहन विभाग ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 15 लक्ज़री बसें शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी वाहन स्वामियों और संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करते हुए ही वाहन संचालन करें, ताकि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।









