हरिद्वार

सोनाली नदी पुल से नदी में गिरी वेन्यू कार, पांच गंभीर

लक्सर रुड़की मार्ग पर दर्दनाक हादसा, कार के उड़े परखच्चे

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर रुड़की मार्ग पर रविवार को सोनाली नदी पुल पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रुड़की की ओर जा रही एक वेन्यू कार अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जबकि पुल पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही लक्सर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से रुड़की अस्पताल भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में वाहन के परखच्चे उड़ गए। बाद में ट्रैक्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को नदी से बाहर निकाला गया। एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कार में पांच लोग सवार थे। घायलों की पहचान रचना पत्नी जसवीर निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द, सोनी पत्नी अनिल निवासी दाबकी महेश्वरी, कोमल पत्नी अमन निवासी मारकपुर, श्रीकांत पुत्र सुरेश निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ सहारनपुर और अनिल पुत्र राजेंद्र निवासी दाबकी महेश्वरी के रहने वाले हैं।

Related Articles

Back to top button