RSS का भीलवाड़ा महानगर में विराट त्रिवेणी संगम 20 को
स्थापना दिवस पर संघ का होगा पथ संचलन, तैयारियां शुरू

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अमन ठठेरा) भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस व शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर विजयादशमी 20 अक्टूबर के पावन पर्व पर भीलवाड़ा महानगर में पथ संचलन का त्रिवेणी संगम आयोजित किया जाएगा।
भीलवाड़ा महानगर संघचालक कैलाश खोईवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान स्वयंसेवकों ने समाज के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सामाजिक सहभागिता, जागरूकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध के विषयों को प्रमुखता से रखा गया।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाला पथ संचलन इस बार त्रिवेणी संगम के स्वरूप में होगा। महानगर के स्वयंसेवक तीन अलग-अलग मार्गों से संचलन करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां तीनों मार्गों से आने वाले संचलनों का संगम होगा। एक ही स्थान पर तीन संचलनों का एकत्रीकरण इस आयोजन की विशेषता रहेगा। संचलन के दौरान स्वयंसेवक अनुशासन, एकरूपता और संगठनात्मक एकता का परिचय देंगे। इस विशेष आयोजन को लेकर महानगर के सभी सातों नगरों में तैयारियां संपूर्ण जोश, उमंग, उत्साह से प्रारंभ कर दी गई हैं।
पथ संचलन की तैयारियों के लिए भीलवाड़ा महानगर के सभी सातों नगरों में आगामी रविवार को स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण आयोजित किए जाएंगे। इन एकत्रीकरणों में स्वयंसेवकों को संचलन का अभ्यास करवाया जाएगा। साथ ही, कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।








