लक्सर

कोतवाली के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, पुलिसकर्मियों ने कंबल डालकर बचाई जान

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर कोतवाली के बाहर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने बाइक खड़ी करने के बाद अपने शरीर पर डीजल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। अचानक युवक के शरीर से उठती लपटें देख कोतवाली में मौजूद पुलिसकर्मी दौड़ पड़े और कंबल डालकर आग बुझाई। घटना में युवक आंशिक रूप से झुलस गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, शाम लगभग 5:30 बजे काले रंग की मोटरसाइकिल UK08-BH-0865 से एक व्यक्ति लक्सर कोतवाली पहुंचा। उसने गेट के बाईं ओर बाइक खड़ी की और माचिस से खुद को आग लगा ली। मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल मनोज मलिक, कांस्टेबल अरविंद रावत और दिवसाधिकारी एसआई रोहित कुमार ने तत्काल आग बुझाकर युवक को बचाया।पूछताछ में युवक ने अपना नाम नारायण उर्फ नीतू पुत्र तेजपाल निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द बताया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसका अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और आरोप लगाया कि उसकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया गया। उसने बताया कि मामले को लेकर एक दिन पहले गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। प्राथमिक उपचार के दौरान तहसीलदार लक्सर के समक्ष दिए बयान में नारायण ने बताया कि उसने स्वयं डीजल डालकर आग लगाई। उसने अपने साले ईश्वर सिंह पर 30 लाख रुपये नकद लेने का आरोप लगाया। युवक के अनुसार, रुपये वापस करने अथवा उसके बदले जमीन देने की मांग करने पर उसे कहीं जाकर मर जाने की बात कही गई। युवक ने एक अन्य व्यक्ति पर भी परेशान करने का आरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, नारायण ने कोतवाली में इस संबंध में पहले कोई शिकायत देने से इनकार किया है। उपचार के लिए उसे एसआई शहजाद अली और एसआई यशबीर सिंह नेगी के साथ निजी वाहन से सीएचसी लक्सर भेजा गया। पूरे मामले की जांच एसएसआई राजेश बिष्ट को सौंपी गई है। वही अब पुलिस विवाद से जुड़े तथ्यों की जांच पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button