धर्म की आड़ में ठगी करने वाले 5 कालनेमि ढोंगी बाबा गिरफ्तार
हरिद्वार नगर पुलिस का अभियान जारी, आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने धर्म की आड़ में लोगों को गुमराह कर ठगी करने वाले पांच कथित कालनेमि (ढोंगी) बाबाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस की यह कार्रवाई धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने और भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार कुछ व्यक्ति साधु-संतों का भेष धारण कर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं का समाधान कराने का प्रलोभन देकर भ्रमित कर रहे थे। ऐसे छद्म वेशधारी लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने 25 जून को अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोतवाली नगर क्षेत्र में घूम रहे पांच संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। संतोषजनक उत्तर न देने पर उन्हें धारा 172(2) बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुनील (47 वर्ष), जोगेंद्र (25 वर्ष), पारसनाथ (45 वर्ष), मनोज (36 वर्ष) तथा पूरनमल (50 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश एवं बिहार के विभिन्न जनपदों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धर्म और आस्था की आड़ में लोगों को ठगने तथा उनकी भावनाओं का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।









