हरिद्वार

हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता: नाबालिग अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी गुजरात से गिरफ्तार, पीड़िता सुरक्षित बरामद

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए बुग्गावाला पुलिस ने मंगलवार अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को दूर राज्य से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने नाबालिग पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को थाना बुग्गावाला क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि दिलनवाज पुत्र इरफान निवासी ग्राम लालवाला ने उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा लिया है। शिकायत के आधार पर थाना बुग्गावाला में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपह्रता की शीघ्र बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई जारी रखी।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने अहमदाबाद स्थित मीना कम्पनी, चंदोडर से आरोपी दिलनवाज को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के विरुद्ध विवेचना के दौरान पॉक्सो अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह, कांस्टेबल विक्रम और कांस्टेबल दिलीप सिंह शामिल रहे, जिन्होंने समन्वित कार्रवाई करते हुए इस संवेदनशील मामले का सफल खुलासा किया। वहीं पुलिस ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button