बागेश्वर पुलिस को मिला नया नेतृत्व, आईपीएस जितेंद्र कुमार मेहरा ने संभाली कमान
राजेश पसरीचा देहरादून प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के नवनियुक्त पुलिस कप्तान जितेंद्र कुमार मेहरा (आईपीएस) ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू किया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने प्रसिद्ध बाबा बागनाथ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस लाइन में गार्द सलामी के साथ उनका स्वागत किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी तथा जनपद में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता जताई। पदभार ग्रहण करने के बाद एसपी मेहरा ने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई उनकी प्राथमिकता होगी। साथ ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और बीट पुलिसिंग को अधिक सक्रिय बनाना उनके कार्ययोजना का प्रमुख हिस्सा रहेगा। उन्होंने असामाजिक और अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात भी दोहराई। नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक ने भरोसा दिलाया कि आमजन की सुरक्षा और जनपद में शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। पुलिस और जनता के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि बागेश्वर में कानून व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।









