चारधाम यात्रा के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ
व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस व सुरक्षा सुनिश्चित करने की पहल
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। चारधाम यात्रा–2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग, उत्तराखंड द्वारा व्यावसायिक यात्री वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड प्रणाली का शुभारंभ सोमवार को एआरटीओ कार्यालय, रोशनाबाद, हरिद्वार में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सुराज, विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रीन कार्ड प्रणाली से यात्रा में शामिल वाहनों की तकनीकी फिटनेस और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
ग्रीन कार्ड प्रणाली के अंतर्गत चारधाम यात्रा में संचालित होने वाले व्यावसायिक वाहनों की तकनीकी जांच अनिवार्य की गई है। यह प्रणाली न केवल वाहनों की फिटनेस की पुष्टि करेगी, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित वाहन की जानकारी तुरंत उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।
वाहन स्वामी परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ग्रीन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद वाहन का तकनीकी निरीक्षण निकटतम परिवहन कार्यालय में कराया जाएगा, जिसके उपरांत ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। इस व्यवस्था से यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्रीन कार्ड प्रणाली को ऑनलाइन लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले एनआईसी उत्तराखंड के वरिष्ठ निदेशक (आईटी) हिमांशु कुमार और संयुक्त निदेशक (आईटी) रमन पुंडीर के प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव मेहरा, उप परिवहन आयुक्त सुनील शर्मा, उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी तथा आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून डॉ. अनीता चमोला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन आरटीओ (प्रशासन) देहरादून सम्भाग के संदीप सैनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उनके निर्देशन में एआरटीओ हरिद्वार, रुड़की तथा प्रवर्तन शाखा के अधिकारियों ने व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू संचालन के लिए इस प्रकार की तकनीकी और प्रशासनिक पहलें आगे भी जारी रहेंगी।









