हड़कंप: देर रात चला परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान, 97 वाहनों के चालान, 12 वाहन सीज
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में जनपद में परिवहन विभाग द्वारा विशेष रात्रिकालीन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान आरटीओ (प्रवर्तन) देहरादून, एआरटीओ (प्रवर्तन) हरिद्वार, इंटरसेप्टर हरिद्वार, टास्क फोर्स चिड़ियापुर एवं टास्क फोर्स गोवर्धनपुर की संयुक्त टीमों द्वारा संचालित किया गया। अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थलों पर वाहनों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान ओवरलोडिंग, बिना वैध परमिट एवं टैक्स के वाहन संचालन, फिटनेस मानकों का उल्लंघन, आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में वाहन संचालन तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। संयुक्त प्रवर्तन अभियान के तहत अब तक कुल 97 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 12 वाहनों को सीज किया गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा अवैध एवं अनियमित वाहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी वैध दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।









