चारधाम यात्रा से पहले हरिद्वार में सीवरेज कार्य पूरा करने के निर्देश
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। चारधाम यात्रा को देखते हुए हरिद्वार नगर क्षेत्र में चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने राज्य अतिथि गृह में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए गति बढ़ाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा निर्माण कार्य तीन शिफ्टों में कराने के निर्देश दिए। साथ ही, जो कार्य रात्रि में संभव हैं, उन्हें रात में तथा दिन के कार्यों को दिन में प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया।
अपर रोड पर चल रहे सीवरेज निर्माण कार्यों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई। कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आगे के कार्य समय पर हो सकें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।









