‘अभिव्यक्ति’ में साकार हुए नवरस के नौ रंग, विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन
द विजडम ग्लोबल स्कूल के वार्षिकोत्सव में कला, संस्कृति और भावनाओं का दिखा अद्भुत संगम

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। द विजडम ग्लोबल स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘अभिव्यक्ति’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, भव्यता और उत्साह के साथ किया गया। इस वर्ष समारोह की विशेष थीम भारतीय काव्यशास्त्र के नौ रसों पर आधारित रही, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कला, प्रतिभा और भावनात्मक अभिव्यक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में हरिद्वार की महापौर सुश्री किरण जैसल, पार्षद सुश्री आकर्षिका शर्मा, करुणेश मिश्रा, न्यायमूर्ति श्री कंवर सैन, सी.ओ.ई.आर. के चेयरमैन जे.सी जैन, विशाल गर्ग एवं पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।
समारोह का मुख्य आकर्षण नवरस पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। विद्यार्थियों ने श्रृंगार, हास्य, करुण, रौद्र, वीर, भयानक, वीभत्स, अद्भुत और शांत रस को अपनी मनमोहक नृत्य, नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रत्येक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावनाओं के अलग-अलग रंगों से परिचित कराया और खूब सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जीवन केवल सुख और आनंद तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रेम, करुणा, साहस, संघर्ष, आश्चर्य और शांति जैसे विविध भावों का समन्वय ही जीवन को पूर्णता प्रदान करता है। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति, कला और साहित्य की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और उन्हें अपनी अभिव्यक्ति के लिए उचित मंच प्रदान करना भी है।
‘अभिव्यक्ति’ का यह आयोजन न केवल विद्यालय की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयासों का भी उत्कृष्ट उदाहरण बना। भावनाओं के नौ रंगों से सजी यह अविस्मरणीय संध्या उपस्थित सभी अतिथियों एवं दर्शकों के मन में अपनी अमिट छाप छोड़ गई।









