हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कामयाबी, नाबालिग से दुष्कर्म मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलौर कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म से जुड़े गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जिले भर में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। आदेश के अनुपालन में कोतवाली मंगलौर प्रभारी निरीक्षक द्वारा अलग-अलग टीमों का गठन किया गया, जिनमें एक टीम को विशेष रूप से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। मंगलौर पुलिस के मुताबिक बीती 19 मार्च को कोतवाली में एक व्यक्ति द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनस निवासी गांव सड़क दुधली, थाना जनकपुरी, जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button