इंस्टाग्राम पर दहशत फैलाने वाले “पिल्ला गैंग” पर कनखल पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में अपराध और गैंग गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए कनखल पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मारपीट, सोशल मीडिया पर दबदबा बनाने और क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले कुख्यात “पिल्ला गैंग” के दो आरोपियों को पुलिस ने हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कनखल के नेतृत्व में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कनखल क्षेत्र में बढ़ती गैंग गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सादे कपड़ों में विशेष टीमें गठित कर जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई। पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग के सदस्य इंस्टाग्राम पर वर्चस्व स्थापित करने और कमेंटबाजी को लेकर युवकों के साथ मारपीट करते थे। इतना ही नहीं, वारदात की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर इलाके में भय का माहौल तैयार किया जाता था। दिनांक 10 अप्रैल 2026 को कुलदीप के पुत्र के साथ हुई मारपीट के मामले में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें कुल 11 आरोपी प्रकाश में आए। इससे पहले पुलिस 2 नाबालिग समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। अब पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण उर्फ बोडा निवासी शिवपुरी गली नंबर 5 और रवि सिंह उर्फ सरदार निवासी सतीघाट शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी रवि उर्फ सरदार थाना कनखल क्षेत्र की कई घटनाओं में शामिल रहा है और पूर्व में पुलिस अभिरक्षा से फरार भी हो चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक नुकीला सुआ बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी व्यक्ति की हत्या की फिराक में घूम रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इस कार्रवाई में एसएचओ देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र सहित पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे है। कनखल पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।









