हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेश में पुलिस उपाधीक्षकों के तबादलों की सूची जारी कर दी गई है। जारी आदेश के अनुसार जनहित एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल को आगामी व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार तपेश कुमार चंद को 31वीं पीएसी रुद्रपुर से पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है, जबकि नीरज सेमवाल को देहरादून से उधमसिंहनगर स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में सुमित पाण्डे को नैनीताल से हरिद्वार और अशिता मंगाई को पीटीसी नरेंद्रनगर से पौड़ी गढ़वाल की जिम्मेदारी दी गई है। हरिद्वार को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। ओशिन जोशी को सीआईडी सेक्टर देहरादून से हरिद्वार भेजा गया है, जबकि हरिद्वार में तैनात नताशा सिंह को सीआईडी सेक्टर देहरादून स्थानांतरित किया गया है। प्रशासनिक दृष्टि से इन बदलावों को काफी अहम माना जा रहा है। इसके अलावा विमल प्रसाद को चम्पावत से नैनीताल, विमल रावत को उधमसिंहनगर से 31वीं पीएसी रुद्रपुर, निहारिका सेमवाल को पौड़ी गढ़वाल से चम्पावत तथा तुषार बोहरा को पौड़ी गढ़वाल से देहरादून भेजा गया है। अखलेश कुमार को पीटीसी नरेंद्रनगर से उधमसिंहनगर में नई तैनाती मिली है। पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि यह फेरबदल प्रदेश में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और आगामी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से किया गया है।










