कुंभ 2027 को लेकर मेला प्रशासन अलर्ट, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर पुर्ण फोकस
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियां अब तेजी पकड़ने लगी हैं। मेला प्रशासन द्वारा विभिन्न निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने बैरागी कैंप और दक्षद्वीप क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु बनाए जा रहे ओवरहेड टैंक और आई-वेल निर्माण कार्य का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने दक्षद्वीप क्षेत्र में सड़क एवं पुल निर्माण योजनाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप और बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात से पूर्व पुल के पिलरों का निर्माण पूरा करने और सम्पूर्ण परियोजना को निर्धारित समय सीमा में सम्पन्न करने के निर्देश दिए। साथ ही यूपीसीएल अधिकारियों को पुल के समीप से गुजर रही विद्युत लाइन को शीघ्र शिफ्ट करने के लिए भी कहा गया। अपर मेलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को पूरी क्षमता और गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार 60 मीटर स्पान वाले बो-स्ट्रिंग स्टील गर्डर डबल लेन पुल की कुल स्वीकृत लागत 1246.09 लाख रुपये है। पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से दक्षद्वीप क्षेत्र में विकसित की जा रही पार्किंग सीधे बैरागी कैंप से जुड़ जाएगी, जिससे कुंभ मेला और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को सुगम एवं वैकल्पिक आवागमन मार्ग उपलब्ध हो सकेगा। दौरे के दौरान अपर मेलाधिकारी ने कनखल क्षेत्र के स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर कुंभ तैयारियों और विकास कार्यों को लेकर उनका फीडबैक भी लिया। स्थानीय नागरिकों की मांग पर उन्होंने दरिद्र भंजन घाट जाने वाले मार्ग के सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग एवं तकनीकी सेल के अधिकारी भी उपस्थित रहे।









