हरिद्वार

बाबा भुरे शाह पीर दरगाह के उर्स पर सजेगा विशाल कुश्ती दंगल

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद के इमलीखेड़ा गांव क्षेत्र स्थित बाबा भुरे शाह पीर दरगाह के सालाना उर्स के अवसर पर आयोजित होने वाला विशाल कुश्ती दंगल इस वर्ष भी आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। 21, 22 और 23 मई को आयोजित होने वाले इस भव्य दंगल को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों, युवाओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाबा भुरे शाह पीर दरबार परिसर में आयोजित होने वाला यह दंगल प्रतिदिन शाम 3 बजे से रात 8 बजे तक चलेगा, जहां प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आने वाले नामी पहलवान अपने दमखम और पारंपरिक दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे। कुश्ती प्रेमियों को तीन दिनों तक रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, दंगल की तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। अखाड़े को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है ताकि पहलवानों और दर्शकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आयोजन समिति ने बताया कि यह दंगल केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक भी है। ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी कुश्ती को बेहद लोकप्रिय खेल माना जाता है और ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है। दंगल में स्थानीय पहलवानों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के प्रसिद्ध पहलवानों के पहुंचने की संभावना है, जिससे मुकाबले और भी दिलचस्प होने की उम्मीद जताई जा रही है। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने और शानदार कुश्तियों का आनंद लेने की अपील की है। उर्स और दंगल के इस संयुक्त आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सवी माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button