हरिद्वार

पांच दिवसीय मोटापा निवारण योग शिविर का हर्षोल्लास के साथ समापन

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारतीय योग संस्थान की हरिद्वार इकाई के पश्चिमी जिले रोशनाबाद केंद्र पर आयोजित पांच दिवसीय मोटापा रोग निवारण योग शिविर का गुरुवार को हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. के. सिंह उपस्थित रहे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को मोटापे जैसी गंभीर समस्या से योग, नियमित व्यायाम और संतुलित खान-पान के माध्यम से निजात दिलाने के प्रति जागरूक करना था। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में मोटापा तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य समस्या बन चुका है, जिससे बचाव के लिए योग बेहद प्रभावी माध्यम है। समापन कार्यक्रम में हरिद्वार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और साधकों ने प्रतिभाग कर आयोजन को विशेष और यादगार बनाया। रोशनाबाद केंद्र के साधकों के साथ पश्चिमी जिले की टीम एवं अन्य जिलों से आए प्रतिभागियों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिल्पी (जेई, उरेडा विभाग) ने किया। वहीं मीरा रावत, जय ध्यानी और केंद्र की पूरी टीम के सहयोग से शिविर का सफल संचालन संभव हो सका। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को मोटापा नियंत्रण के लिए विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक क्रियाओं का नियमित अभ्यास कराया गया। लगभग 60 से 70 साधकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिदिन भाग लिया। समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक भी लिया गया। इसके साथ ही संस्थान की शिक्षण सामग्री एवं उत्पादों का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे लोगों ने खूब सराहा। मुख्य अतिथि डॉ. आर. के. सिंह ने अपने संबोधन में योग को सामुदायिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए कहा कि नियमित योग अभ्यास न केवल मोटापा बल्कि कई अन्य बीमारियों से भी बचाव करता है। उन्होंने भारतीय योग संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क योग केंद्रों की सराहना करते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में जय प्रकाश सिंघले ने सभी अतिथियों, साधकों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही पांच दिवसीय योग शिविर का विधिवत समापन हो गया।

Related Articles

Back to top button