गंगा दशहरा स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन सख्त, चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। श्री गंगा दशहरा स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने नगर निगम टीम के साथ संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के तहत अपर रोड, मनसा देवी पैदल मार्ग, हर की पौड़ी, भीमगौड़ा तथा खड़खड़ी क्षेत्र में सड़क और मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों का सामान भी जब्त किया गया। पुलिस और नगर निगम की टीम ने संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि गंगा दशहरा स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।









